लखनऊ। मंगलवार को बलरामपुर अस्पताल में राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश से संबंधित सभी संवर्गों के प्रांतीय पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के बयान विरोध में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
कर्मचारियों ने तय किया है कि दो नवंबर को सभी जनपदों के जिलाधिकारी कार्यालयों पर प्रदर्शन होगा। बयान की प्रतियां जलाकर निंदा प्रस्ताव मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा। इसके साथ ही 12 नवंबर को स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा।
फार्मासिस्टों में आक्रोश
बलरामपुर अस्पताल में अध्यक्ष सुरेश रावत की अध्यक्षता में बैठक हुई। महामंत्री अतुल मिश्रा ने बताया कि जब तक स्वास्थ्य मंत्री अपना बयान वापस लेकर कर्मचारियों से माफी नहीं मांगेंगे तब तक आंदोलन होता रहेगा। फार्मासिस्ट महासंघ के अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि प्रदेश के फार्मासिस्टों में आक्रोश है। उनका कहना है कि ओपीडी से लेकर इमरजेंसी की 24 घंटे सेवा, वीआईपी ड्यूटी, राष्ट्रीय कार्यक्रमों में फार्मासिस्ट अहम भूमिका निभाते हैं।
मंत्री द्वारा अपमानजनक टिप्पणी
ज्यादातर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फार्मासिस्टों के भरोसे ही संचालित हो रहे हैं। उन्हें भ्रष्टाचारी बताना मंत्री द्वारा अपमानजनक टिप्पणी है। बैठक में केके सचान, गिरीश मिश्र, अशोक कुमार, बीबी सिंह, सर्वेश पाटिल, रविन्द्र यादव, अशोक, सतीश यादव, अनिल कुमार, डीडी त्रिपाठी, राम मनोहर कुशवाहा, विपिन त्यागी, देश दीपक त्रिपाठी, जेपी नायक, प्रवीण यादव, अनिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।