
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में चयनित अभ्यर्थियों ने बुधवार को उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री बृजेश पाठक से मुलाकात कर लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा कराने और जॉइनिंग देने की मांग की। अभ्यर्थियों ने इस संबंध में उप मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर भर्ती प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति स्पष्ट कराने की मांग की। अभ्यर्थियों के मुताबिक, KGMU के Advt. No. 230/Recruitment Cell/2024, दिनांक 22 अक्टूबर 2024 के तहत आयोजित भर्ती प्रक्रिया में परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद कई पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को अभी तक नियुक्ति नहीं मिल सकी है।
फेज-I में 80 अभ्यर्थियों को मिली जॉइनिंग
ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के फेज-I में चयनित करीब 80 अभ्यर्थियों को जॉइनिंग दी जा चुकी है। वहीं फेज-II में विभिन्न पदों पर चयनित 200 से अधिक अभ्यर्थियों की नियुक्ति करीब 10 महीने से लंबित होने का दावा किया गया है। इन पदों में ओटी असिस्टेंट, रिसेप्शनिस्ट, सोशल सर्विस ऑफिसर और रेडियोथेरेपी तकनीशियन समेत अन्य पद शामिल हैं।
फाइल की स्थिति की जांच की मांग
अभ्यर्थियों ने उप मुख्यमंत्री से भर्ती से संबंधित फाइल की वर्तमान स्थिति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि चयन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरण पूरे होने के बाद भी नियुक्ति लंबित रहने से चयनित अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अभ्यर्थियों ने चिकित्सा शिक्षा विभाग और KGMU प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी कर लंबित प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने तथा चयनित अभ्यर्थियों को जॉइनिंग देने की मांग की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उप मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद भर्ती प्रक्रिया में तेजी आएगी और लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को जल्द राहत मिलेगी।





















