लखनऊ। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने मंगलवार को बरेली के सर्किट हाउस में शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के आरोप में बरेली जिला मलेरिया अधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार जैन को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। इसी क्रम में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर अशोक कुमार को शासकीय कार्य में रुचि न लेने के आरोप में पद से हटाते हुए उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि जांच रिपोर्ट के बाद डॉक्टर अशोक विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाही न बरतने का सख्त निर्देश
मंत्री ने संयुक्त चिकित्सालय बरेली के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (महिला-पुरुष) को कार्य में लापरवाही न बरतने का सख्त निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जेई, एईएस व संचारी रोगों पर रोकथाम के लिए एक कार्य योजना बनाई गई थी। इस योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग को नोडल बनाते हुए अन्य विभागों (नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम विकास) को इस योजना से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि 11 सितंबर तक उपचारित रोगियों की संख्या 18 790 है, इसमें बुखार के रोगियों की संख्या 8 हजार 317 है। 17 हजार क्लारीन टैबलेट की छिड़काव किया गया है।