डेस्क। पेट में कीड़ों की वजह से गैस, बदहजमी, पेट में दर्द, बेचैनी और बुखार जैसी कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं। पेट के ये कीड़े करीब 20 प्रकार के होते हैं जो आंतों में घाव तक पैदा कर सकते हैं। ये समस्या उन लोगों को ज्यादा होती है जो अशुद्ध और खुला भोजन खाते हैं क्योंकि गंदगी की वजह से ही पेट में कीड़े पड़ते हैं। हम इसके कुछ घरेलू उपाए बता रहे हैं जिससे आप इन कीड़ों से छुटकारा पा सकते हैं।
पेट में जब कीड़े होते है तो आपको भूख तो बहुत लगती है पर आपका खाया हुआ खाना आपके शरीर को नहीं लगता है। अगर आपके पेट में कीड़े है तो पेट के कीड़ों से निजात पाने के आप अजवाइन की मदद ले सकते हैं। इसके लिए आधा ग्राम अजवाइन का चूर्ण और उतनी ही मात्रा में गुड मिलाकर उसकी छोटी-छोटी गोलियां बनाकर रख लें और फिर दिन में दो से तीन बार इसका सेवन करें। ऐसा करने से आपको जल्द ही पेट के कीड़ों से मिजात मिलेगी।
इसके अलावा कई सारी पेट की समस्याओं से राहत दिलाने के लिए आपको काला नमक का ही सेवन करना चाहिए। चुटकी भर काले नमक में आधा ग्राम अजवाइन का चूर्ण मिलाकर हर रोज रात में गर्म पानी से सेवन करें। इससे पेट के कीड़ों से राहत मिलती है। बच्चे के अलावा अगर कोई बड़ा व्यक्ति पेट के कीड़ों से परेशान है तो फिर काला नमक और अजवाइन को बराबर मात्रा में लेकर इसका सुबह शाम सेवन करना चाहिए। ऐसा करने से आपको जल्द ही राहत मिल जाएगी।
पेट के कीड़ों के साथ आंतों को साफ करने के लिए लहसुन का यह नुस्खा बेहद कारगर माना जाता है। चाहे बच्चे के पेट में कीड़े हो या किसी बड़े के पेट में, लहसुन की चटनी में सेंधा नमक मिलाकर सुबह-शाम खाने से काफी हद तक आराम मिलता है। लहसुन की चटनी को इसी तरह से कुछ दिन तक प्रयोग में लाने से आप इससे राहत पा सकते हैं। कच्चे आम की गुठली खाने से पेट के कीड़े मल के रास्ते बाहर निकल जाते हैं। इसके लिए कच्चे आम की गुठली के चूर्ण का दही या पानी के साथ सेवन करना चाहिए। इसका चूरन बनाकर इसी तरह से खाने से आपको तुरंत आराम मिलेगा। अनार के छिलके भी बहुत फायदेमंद होते हैं। सबसे पहले अनार के छिलकों को सुखाकर इसका चूर्ण बना लीजिए। इस चूर्ण में से एक चम्मच दिन में तीन बार लेना चाहिए। कुछ दिनों तक इस चूर्ण का सेवन करने से पेट के कीड़े जल्दी ही खत्म होने लगते हैं। नीम के पत्तों में एंटी-बैक्टीरियल गुण पाए जाते हैं जो पेट की समस्याओं और कीड़ों की समस्या को दूर करते हैं। इसको शहद के साथ लेने से आपको जल्दी ही आराम मिल जाएगा।
पेट में कीड़े होने पर तुलसी के पत्तों का एक चम्मच रस दिन में दो बार पीने से पेट के कीड़े मरकर मल के साथ बाहर निकल जाते हैं। इसके अलावा तुलसी के पत्तों के सेवन से पेट की आंत साफ होती है और गैस व कब्ज की शिकायत भी नहीं होती है। इन तरीकों का इस्तेमाल करें और पेट के कीड़े से मुक्त रहें।