लखनऊ। गोलागंज स्थित वीरांगना अवंतीबाई बाल महिला चिकित्सालय (डफरिन) के रैन बसेरे का संचालन भी धनवंतरि सेवा केन्द्र करेगा। अस्पताल प्रशासन ने धनवंतरि केन्द्र को इसकी अनुमति प्रदान कर दी है। जल्द ही धनवंतरि केन्द्र अस्पताल के इस रैन बसेरे को अपने पास ले लेगा।
अभी रैन बसेरे में मेंटेनेंस की जरूरत
धनवंतरि केन्द्र के अवनीन्द्र कुमार ने बताया कि जल्द ही एक कार्यक्रम का आयोजन कर इसका उद्घाटन कराया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभी रैन बसेरे में मेंटेनेंस की जरूरत है। रैन बसेरे का संचालन शुरू हो जाने के बाद यहां के मरीजों को भी धनवंतरि की ओर से स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जायेगी। वीरांगना अवंतीबाई बाल महिला चिकित्सालय के आला अधिकारियों का कहना है कि अभी तक यह रैन बसेरा ऐसे ही पड़ा था। देखरेख के अभाव में रैन बसेरा की स्थिति ठीक नहीं थी। धनवंतरि केन्द्र के कार्यकर्ता अब इसकी देखरेख करेंगे। यह अस्पताल और अस्पताल आने वाले मरीजों के हित में भी होगा।
मरीजों की सहायता
धनवंतरि सेवा केन्द्र राजधानी लखनऊ स्थित केजीएमयू, रानी लक्ष्मीबाई संयुक्त चिकित्सालय, लोकबन्धु संयुक्त चिकित्सालय, लोहिया अस्पताल, सिविल अस्पताल और बलरामपुर चिकित्सालय में स्टेचर, व्हीलचेयर और मरीजों की सहायता करता है। इसके अलावा केजीएमयू और बलरामपुर अस्पताल के रैन बसेरे का संचालन भी धनवंतरि सेवा केन्द्र करता है।