लखनऊ। पीजीआई, केजीएमयू और लोहिया संस्थान की ओपीडी शुक्रवार को पूरी तरह से बंद रहेगी। इमरजेंसी सेवाएं पूर्व की तरह चलती रहेंगी। जी हां दशहरा के दिन सरकारी अस्पतालों में ओपीडी 12 बजे तक चलेगी। वहीं पैथोलॉजी व रेडियोलॉजी की जांचें होंगी। 11 बजे तक ओपीडी पर्चे बनाए जाएंगे।
वहीं सीएमओ नरेंद्र अग्रवाल ने कहा कि सभी सरकारी अस्पतालों को 12 बजे संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त रखने को कहा गया है। जांच की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
हॉफ डे ओपीडी
बलरामपुर, लोहिया, सिविल, डफरिन, झलकारीबाई समेत दूसरे सरकारी अस्पतालों की ओपीडी शुक्रवार को 12 बजे तक चलेगी। सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष दुबे ने बताया कि राजपत्रित अवकाश के दिन हॉफ डे ओपीडी होती है। जांच आदि सामान्य दिनों की भांति होगी। इमरजेंसी सेवाओं में किसी भी तरह का रद्दोबदल नहीं किया गया है।
इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश
लोहिया अस्पताल के निदेशक डा. डीएस नेगी ने बताया कि इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि मरीजों को किसी भी तरह की अड़चन से बचाया जा सके। समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए। लोहिया संस्थान के निदेशक डॉ. दीपक मालवीय ने बताया कि ओपीडी पूरी तरह से बंद रहेगी। मरीजों को जांच आदि की तारीख नहीं दी गई है। इरमजेंसी सेवाएं चलती रहेंगी। वहीं शनिवार को 12 बजे तक संस्थान में ओपीडी का संचालन होगा।