लखनऊ। सरकार जहां सस्ते खाने को परोसने की योजना बना रही है। वहीं पीजीआई के तीमारदारों को अब महंगा खाना नसीब होगा। राजधानी स्थित संजय गांधी पीजीआई में तीमारदारों को अब अधिक जेब ढीली करनी होगी।
पीजीआई स्थित कैंटीन में खाने की रेट लिस्ट में इजाफा हो गया है। इसमें 15-20 प्रतिशत तक बढ़ोत्तरी होने की संभावना है। रेट बढ़ जाने से गरीब तीमारदारों को पेट भरने के लिए ज्यादा खर्च करना होगा।
यहां मिल रहा फ्री में भोजन
बताते चले कि कई अस्पतालों में मरीजों के साथ ही साथ तीमारदारों को मुफ्त खाने की सुविधाएं दी जाती है। यहां लोहिया, सिविल व बलरामपुर जैसे अस्पतालों में फ्री भोजन उपलब्ध कराया जाता है। लेकिन पीजीआई में तीमारदारों को भोजन महंगी दरों पर मिलेगा। पीजीआई में कैंसर, लीवर, किडनी व कई अन्य बीमारियों के गम्भीर मरीज भर्ती होते हैं जिनके इलाज के लिए तीमारदारों को कई महीनों तक यहां रुकना पड़ता है। मरीज को तो संस्थान भोजन उपलब्ध करा देता है। तीमारदार या तो खुद खाना बनाते हैं या फिर कैंटीन के सहारे अपने दिन काटते है।
नये टेंडर के चलते रेटों में तब्दीली
अधिकारियों का कहना है कि इस बार नये टेंडर के चलते रेटों में तब्दीली आ जाएगी। इसमें 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस टेंडर का मूल्य करीब 3 करोड़ रूपये बताया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया 11 अप्रैल के बाद पूरी होगी। इसी के बाद यह पता चल सकेगा कि रेट कितना बढ़ा है। बहरहाल तीमारदार की भोजन की थाली में क्या पौष्टिकता व स्वाद आयेगा यह तो वक्त की बतायेगा लेकिन यह तय है कि अब यहां भोजन करने के लिए जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी।
ये कहा निदेशक ने
इस पर पीजीआई के निदेशक प्रो. राकेश कपूर ने बताया कि महंगाई को देखते हुए पुरानी दरों में थोड़ी बहुत बढ़ोत्तरी की जायेगी लेकिन नयी दरें बहुत ज्यादा नहीं होगी। तीमारदारों को कम दरों पर अच्छा भोजन मिले, इसकी पूरी कोशिश है।
लोहिया में मिलेगी मुफ्त भोजन
अब लोहिया अस्पताल में मरीजों के साथ उनके तीमारदारों को भी मुफ्त भोजन मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के निर्देश पर अस्पताल के निदेशक ने यह व्यवस्था लागू की है। इसमें भर्ती मरीजों के साथ ही तीमारदार को ही भोजन मिलेगा। गौरतलब है कि अस्पताल में भर्ती करीब 450 मरीजों के तीमारदारों को मुफ्त भोजन का लाभ मिल सकेगा।
ये कहा निदेशक ने
लोहिया अस्पताल के निदेशक डा. डीएस नेगी का कहना है कि भर्ती सामान्य मरीज के साथ एक तीमारदार को मुफ्त भोजन देने की व्यवस्था एक मार्च से लागू कर दी गई है। यह व्यवस्था सामान्य मरीज के तीमारदार के लिए है। जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों को अभी इस सुविधा नहीं दी गई है। इसके लिए अगला निर्देश जल्द ही जारी किया जाएगा।