लखनऊ। स्तन कैंसर की जागरुकता के लिए लखनऊ के 1090 चौराहे पर आयोजित हुए पिंक हाफ मैराथन दौड़ में देश के नामी गिरामी धावकों ने हिस्सा लिया। इस प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के अविनाश सबले ने 21 किलोमीटर की दौड़ में पुरुषों का खिताब जीता।
इस मौके पर लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने मुख्य अथिति के रूप में उपस्थित होकर मैराथन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। वहीं अंतरराष्ट्रीय धाविका यूपी की पारुल चौधरी महिला वर्ग में चैंपियन बनीं। दोनों को एक-एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया गया। इसके साथ ही महिलाओं की क्रासकंट्री में सशस्त्र सेवा बल की खुशबू गुप्ता और पुरुष वर्ग की क्रासकंट्री का खिताब प्रमोद कुमार ने जीता।
पहला, दूसरा और तीसरा स्थान
हाफ मैराथन में हिस्सा लेने के लिए देश भर से करीब पांच हजार एथलीट व आमजन इक_ा हुए। 1090 चौराहे से शुरू हुई हाफ मैराथन में अविनाश ने यह दौड़ 58 मिनट 01.94 सेकेंड में पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर अंतरराष्ट्रीय दुर्गा बहादुर बुद्धा रहे। उन्होंने 01 घंटा 00.01 सेकेंड का समय निकाला। तीसरे स्थान पर अंतरराष्ट्रीय धाकव रतीराम सैनी रहे। उन्होंने 01 घंटा 53 सेकेंड का समय लिया।
पारुल चौधरी ने खिताब अपने नाम किया
वहीं महिलाओं में अंतरराष्ट्रीय धाविका रेलवे की पारुल चौधरी ने अपने श्रेष्ठता साबित करते हुए खिताब अपने नाम किया। उन्होंने यह दौड़ 01 घंटा 12 मिनट 58 सेकेंड का समय दर्ज किया। वहीं अर्पिता सैनी 01 घंटा 14.39 सेकेंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं। एक घंटा 14 मिनट 39 सेकेंड के समय के साथ दूसरे और रेलवे की सुधा पाल 1 घंटा 14 मिनट 58 सेकेंड समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
खुशबू गुप्ता ने हासिल किया पहला स्थान
सशस्त्र सेवा बल की खुशबू गुप्ता ने महिलाओं की छह किलोमीटर क्रासकंट्री दौड़ में सबको पछाड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया। खुशबू ने यह दौड़ 21 मिनट 42 सेकेंड में पूरी की। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस की डिम्पल सिंह दूसरे और अंजली पटेल तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों की 10 किलोमीटर क्रासकंट्री का खिताब प्रमोद कुमार ने जीता। प्रमोद ने इस दौड़ में 34 मिनट 06.50 सेकेंड का समय निकाला। वीरेंद्र कुमार वर्मा दूसरे और जितेंद्र कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
ये थे मौजूद
राज्यपाल राम नाईक ने पुरस्कार वितरण किया। इसके पूर्व लखनऊ की मेयर संयुक्त भाटिया व खेल निदेशक डा. आरपी सिंह, जकार्ता एशियाई खेल की रजत पदक विजेता सुधा सिंह, अर्जुन पुरस्कार विजेता एथलीट गुलाब चंद, केजीएमयू के कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट, भारतीय खेल प्राधिकरण की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर रचना गोविल, विधायक गोरखनाथ बाबा व प्रतीक भूषण समेत तमाम लोग मौजूद थे।