लखनऊ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में रविवार को आयुष्मान योजना के शुभारंभ कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। प्रदेश के लोगों को आयुष्मान योजना की सौगात दी। उन्होंने कहा कि इस योजना में देश के 50 करोड़ लोगों को लाभ मिलेगा। गृहमंत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना को मोदी केयर नहीं कहां जाना चाहिए, बल्कि मोदी कवच योजना है।
इस योजना में नई और पुरानी बीमारियों का इलाज होगा। योजना के शुभारंभ पर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के साथ राज्यपाल राम नाईक मौजूद रहे। राज्यपाल ने कहा यह भारत के लिए एतिहासिक दिन से कम नहीं और गरीबों को लाभ पहुंचाने की यह अब तक की सबसे बेहतरीन योजना है।
किसी भी परिवार को मदद के लिए हाथ फैलाने की जरूरत नहीं : राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि हिंदुस्तान में करीब 5 करोड़ ऐसी जनता है, जिनके परिवार में किसी सदस्य की बीमारी के कारण गरीबी रेखा के नीचे चले गए हैं। ऐसे कितने लोग हैं उन्हें चिन्हित किया गया है। यह एक संकट मोचन योजना है और इसके बाद किसी भी परिवार को मदद के लिए हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्वास्थ्य सुविधा से जोडऩे वाली इस योजना में गरीब परिवार को 5 लाख तक का फ्री इलाज दिया जाएगा। किसी बीमा की स्थिति में ऑपरेशन का सारा खर्चा उठाया जाएगा। अस्पताल में एडमिट होने से पहले व बाद में का खर्चा उठाया जाएगा। इस स्वास्थ बीमा योजना का उद्देश्य देश के 10.74 करोड़ गरीब परिवार को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ बीमा देना है।
सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में आयुष मित्र
इस योजना के तहत बीपीएल परिवार को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। यूपी के करीब 6 करोड़ लोगों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि योजना को ठीक से क्रियान्वयन करने के लिए सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में आयुष मित्र रखेंगे जो मरीजों को आसानी से इलाज उपलब्ध कराने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर इलाज के लिए जांच की सुविधा मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी। उसकी योजना तैयार की जा रही है।
पंजीकृत मरीजों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज
वहीं कार्यक्रम में शामिल चिकित्सा स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉक्टर महेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में करीब 680 अस्पतालों का चयन हो चुका है। इसमें 375 सरकारी व 305 प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं। लखनऊ में 27 सरकारी व 44 प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं। इन अस्पतालों में योजना के तहत पंजीकृत मरीजों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा।