लखनऊ। प्रदेश में एक जुलाई से एक महीने तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने के निर्देश मुख्य सचिव डॉ. अनूप चन्द्र पाण्डेय ने दिया है। इस संबंध में मुख्य सचिव ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों को परिपत्र भेजा है। पत्र में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं दायित्वों का निर्धारण करते हुये निर्देश दिए हैं। इस अभियान को मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने चलाने के निर्देश दिए हैं।
38 जिलों में विभागों की जिम्मेदारी का निर्धारित के निर्देश
मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी जिलों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान खासतौर से दिमागी बुखार से सबसे ज्यादा प्रभावित 38 जिलों में अभियान के तहत सम्बन्धित विभागों की जिम्मेदारी का निर्धारित करने के निर्देश दिए हैं। इसमें चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास, पशुपालन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांग जन कल्याण, समाज कल्याण, कृषि एवं सिंचाई विभाग शामिल हैं। .
शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में एक से 31 जुलाई तक ‘संचारी रोग नियंत्रण अभियानÓ विस्तृत कार्य योजना बनाकर संचालित करायी जाए। इसके लिए इसी साल फरवरी माह में चलाए गए अभियान को देख लिया जाए। डॉ. पांडेय ने साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, जलभराव रोकने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्धता पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभाग व्यवहार परिवर्तन तथा प्रचार-प्रसार की भी व्यापक योजना बनाएं ताकि सभी जानकारियां आसानी से आम नागरिकों को उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि रोगों की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय स्थापित कर एक साथ कार्रवाई आवश्यक है।
जिम्मेदारी तय करने के निर्देश
उन्होंने जन संचारी रोग नियंत्रण माह में जन जागरुकता बढ़ाने के लिए ग्राम प्रधान, खंड विकास अधिकारी, शिक्षकों, ग्राम विकास अधिकारी आदि की भूमिकाओं की भी जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं।