लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में गंदगी से मरीजों का जीना दूभर हो गया है। यहां की न्यू बिल्डिंग में गंदगी और बदबू से मरीज और तीमारदार बेहाल हैं। वार्ड में भर्ती मरीजों के साथ ही तीमारदार, नर्सिंग स्टाफ, कर्मचारी तक नाक पर कपड़ा लगाकर चल रहे हैं। वहीं, अस्पताल प्रशासन की माने तो उसका कहना है कि परिसर के शौचालय की सफाई करवाई जा रही है। उसी के वजह से गंदगी और बदबू फैली हुई है।
ग्राउंड फ्लोर पर फैली गंदगी
न्यू बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर सबसे ज्यादा गंदगी फैली हुई है। यहां के वार्डों तक में भीषण गंदगी फैली हुई है। शौचालय का तो बहुत ही बुरा हाल है। वहां अंदर जाने पर मरीज और तीमारदार एक हाथ से नाक और मुंह को कपड़े या रूमाल से ढके रहते हैं। लोगों का सांस लेना तक दुश्वार है। अस्पताल के कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ भी मानते हैं कि बहुत ज्यादा बदबू फैली हुई है।
गंदगी से मरीजों की सेहत पर असर
तीमारदारों का आरोप है कि वार्ड में सफाईकर्मी नहीं आते हैं। इस वजह से ही गंदगी व्याप्त है। तीमारदार रमेश ने बताया कि आज सुबह से कई वार्डों में बदबू फैली हुई है। सांस लेने में तकलीफ हो रही है। ज्यादातर वार्ड से बाहर जाकर समय गुजारना पड़ रहा है। गंदगी से मरीजों की सेहत पर असर पड़ सकता है। आरोप है कि स्टॉफ से साफ-सफाई कराने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। तीमारदार रमेश का आरोप है कि वार्ड में चंद मिनट भी बैठना दुश्वार है। बार-बार तीमारदारों को बाहर परिसर में खुली हवा में सांस लेने जाना पड़ रहा है।