लखनऊ। आप अपने वजन को नियंत्रण में रखें तो जोड़ों की समस्या से बच सकते हैं। उम्र और कदकाठी के हिसाब से आपका वजन भी होना चाहिए। इसके लिए आपको रोजाना टहलना चाहिए। अपने शरीर में विटामिन डी और बी-12 की कमी भी न होने दें। इसके अलावा खान-पान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। यह जानकारी रविवार को हड्डी रोग एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. एएस प्रसाद ने दी।
विशेषज्ञों ने की चर्चा
उन्होंने कहा कि उक्त किसी भी चीजों पर से यदि आपका नियंत्रण नहीं है तो तो जोड़ की परेशानी उम्र के हिसाब से काफी पहले हो सकती है। यूपी ऑर्थोप्लॉस्टी सोसायटी की ओर से रविवार को एक होटल में 11वां कॉनपोर ऑर्थोप्लॉस्टी कोर्स 2019 का आयोजन किया गया। इसमें घुटना, जोड़ और कूल्हा प्रत्यारोपण, हड्डियों से जुड़ी समस्याओं पर देश भर से आए विशेषज्ञों ने चर्चा की।
आनुवांशिक समस्या पर ध्यान दें
सोसायटी के चेयरमैन डॉ. प्रसाद ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के घर में यह आनुवांशिक समस्या है तब भी उसने इन चार बातों पर विशेष ध्यान दिया तो उसे जल्द जोड़ संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सोसायटी के को-चेयरमैन डॉ. आनंद निगम और कन्वेनर डॉ. अलका शर्मा ने बताया कि बढ़ती उम्र के चलते 60 साल से ऊपर के 25 फीसदी जनसंख्या को जोड़ की समस्या रहती है। इसमें से 10 फीसदी लोगों को ऑपरेशन की जरूरत पड़ती है। सिर्फ लखनऊ और कानपुर में ही हर साल 50 हजार लोगों को घुटने या जोड़ की खराबी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
ये थे मौजूद
कार्यक्रम में वीडियो के जरिए प्रत्यारोपण की नई तकनीकी के बारे में युवा डॉक्टरों को देश भर में सिखाया गया। इस मौके पर डॉ. विशाल अग्रवाल, डॉ. विनय गुप्ता, डॉ. अमित वर्मा, डॉ. पंकज टंडन, डॉ. लोकेंद्र सिंह, डॉ. राजेश जैन, राजीव बाजपेई, आशीष कपूर मौजूद रहे।