लखनऊ। प्रदेश में विश्व जनसंख्या दिवस के पहले दम्पति संपर्क पखवाड़ा की शुरुवात की गई है। यह पखवाड़ा 10 जुलाई तक चलाया जाना है। इसमें आशा और एएनएम घर-घर जाकर परिवार नियोजन के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी। इसमें दम्पति को परिवार नियोजन के लाभ बताएंगे और नियोजन के लिए प्रयोग किए जाने वाले संसाधनों के इस्तेमाल की जानकारी दी जाएगी। उक्त जानकारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन परिवार नियोजन के जीएम डॉ. पंकज ने दी।
यह करना है
डॉ. पंकज ने बताया कि 10 जुलाई तक दम्पति संपर्क पखवाड़ा मनेगा। इसमें आशा, एएनएम अपने क्षेत्र के योग्य दम्पति को परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी देना शुरू कर चुकी हैं। वहीं, 11 से 24 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनेगा। इसमें शिविर लगाकर लाभार्थियों को परिवार नियोजन की सुविधा दी जाएगी। योग्य दम्पति को स्वास्थ्य महकमे में 49 साल तक का माना है। सभी आशा, एएनएम 10-10 महिला व पुरुष को नसबंदी, अंतरा इंजेक्शन के 100 नए लाभार्थी बनाएंगी। हर सीएचसी को 20-20 महिला और पुरुष नसबंदी, 50 अंतरा इंजेक्शन के लाभार्थी बनाने होंगे।
टोल फ्री से ले सकेंगे जानकारी
इस साल जनसंख्या स्थिरता दिवस की थीम ‘परिवार नियोजन से निभाए जिम्मेदारी, मां और बच्चे के साथ की पूरी तैयारीÓ है। इसमें दो बच्चों के अंतराल पर जोर दिया गया है। परिवार नियोजन के लिए अपनाए जाने वाले अंतरा इंजेक्शन की जानकारी टोल फ्री 1800-103-3044 से ले सकते हैं। मिलेगी प्रोत्साहन राशि परिवार कल्याण के निदेशक डॉ. बद्री विशाल ने बताया परिवार नियोजन अपनाने वाले लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। नसबंदी कराने पर पुरुषों और महिलाओं को दो हजार व 14 सौ रुपए राशि तय है। वहीं, प्रसव के तुरंत बाद नसबंदी कराने वाली महिलाओं को 22 सौ रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। अस्थायी विधियों में प्रसव पश्चात आईयूसीडी एवं गर्भपात (स्वत: व सर्जिकल) उपरांत लाभार्थी को दो फालोअप करने पर कुल तीन सौ रुपए प्रतिपूर्ति धनराशि दी जाती है।