लखनऊ। संयुक्त स्वास्थ्य आउटसोर्सिंग/ संविदा कर्मचारी संघ अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर एक बार फिर से आंदोलन करने को बाध्य हैं। इस बार उग्र हुए कर्मचारियों ने 28 अक्टूबर को ईको गार्डन में धरना प्रदर्शन का निर्णय लिया है। इस प्रदर्शन में प्रदेश भर के कर्मचारी एकत्र होंगे। यह जानकारी प्रदेश मीडिया प्रभारी सच्चिदानंद मिश्रा ने दी है।
दो माह बाद भी कार्रवाई नहीं
पिछले दिनों प्रदेश यूनियन सात सूत्रीय मांगों को लेकर मंत्री से लेकर सीएम तक मिले। इस मामले के लिए सीएम ने एक कमेटी का गठन भी किया। कमेटी ने सात में से एक मांग समान कार्य समान वेतन को माना है। लेकिन दो माह बाद भी इस पर कोई कार्रवाई अब तक नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। वहीं अवनी परिधि से निकाले गए करीब दस हजार कर्मचारियों की सेवाएं 30 सितंबर को समाप्त कर दी गई हैं। वहीं इन कर्मचारियों का अवनि परिधि प्रा. लि. के कर्मचारियों को करीब 6 से 8 माह का करोड़ों रुपए का बकाया है।
14 अक्टूबर को एक बैठक
डॉक्टर राम मनोहर लोहिया, केजीएमयू और पीजीआई के साथ समस्त जिला चिकित्सालयों के साथ कर्मचारी आंदोलन के लिए तैयार हैं। इसके लिए 14 अक्टूबर को एक बैठक का निर्णय लिया गया है। इस बैठक में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।