संतकबीरनगर। यहां के जिला अस्पताल में मृत मरीज के तीमारदारों से मारपीट की घटना के बाद आंदोलनरत स्वास्थ्यकर्मियोंं की गिरफ्तारी के विरोध में जूनियर डाक्टरों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरगोविंद सिंह ने बताया कि देर रात बखिरा क्षेत्र के संतोषपुर गांव निवासी विशाल सिंह (22) नाम के युवक को उसके परिजन जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर आए थे।
रेफर करने से किया था मना
इमरजेंसी में तैनात डाक्टर ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया लेकिन परिजन उसे रेफर करने का दबाव बनाने लगे। डॉक्टर ने मृतक को रेफर करने से मना कर दिया। इस पर परिजनों ने डॉक्टर और मौजूद कर्मचारियों से मारपीट की तथा शव लेकर चले गए। इस घटना के विरोध में गुरुवार को स्वास्थ्य कर्मियों ने हड़ताल करके धरना शुरू कर दिया।
हड़ताल पर जाने की चेतावनी
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने एक डाक्टर सहित चार कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया और खलीलाबाद कोतवाली पुलिस को दे दिया। इसके बाद माहौल बिगड़ गया और कर्मचारियों ने स्वास्थ्य सेवाएं ठप कर दीं। गिरफ्तार स्वास्थ्य कर्मियों की अविलंब रिहाई और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जूूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है।
उन्होंने बताया कि सभी पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर एसडीएम खलीलाबाद एसपी सिंह सहित अन्य अधिकारी पक्षों से बात कर रहे थे। अस्पताल में तनाव बना हुआ है।