लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित के अस्वस्थ्य होने पर उनको सिविल अस्पताल ले जाए जाने की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में निरीक्षण कर रहे थे, तभी उनको विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण के अस्वस्थ्य होने और सिविल अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली।
जाना हाल
इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से निकलकर सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां पहुंचकर निदेशक के कक्ष में हृदय नारायण से मुलाकात की और कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह भी थे। विधानसभा अध्यक्ष के पास आधे घंटे तक समय व्यतीत करने के बाद मुख्यमंत्री अपने सहयोगियों के साथ सिविल अस्पताल से निकल गए।
सदन में अचानक बिगड़ी थी दीक्षित की तबियत
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित की गुरुवार को सत्र चलने के दौरान हृदय रोग के कारण अचानक से तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें हजरतगंज स्थित सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां पर कार्डियक विभाग के चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। गुरुवार को विधानसभा का सत्र चलने के दौरान अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित को कुछ कमजोरी महसूस होने लगी। उनके कहने पर एम्बुलेंस से उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उनको आईसीयू में भर्ती कर लिया गया।
जल्द होगी अस्पताल से छुट्टी
आईसीयू में भर्ती करने के दौरान कार्डियक से जुड़े चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। शुरुआती जांच के बाद उनको सामान्य वार्ड में ले जाया गया। विधानसभा के अध्यक्ष हृदय जी की तबियत बिगडऩे की खबर फैलते ही सिविल अस्पताल पहुंचने वालों का सिलसिला शुरू हो गया। उनके हाल-चाल जानने भाजपा के छोटे-बड़े नेता सिविल अस्पताल पहुंचे। सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष ने करीब आधे घंटे तक दीक्षित जी के चिकित्सीय परीक्षण किये और जल्द ही स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी देने की बात कही है।