लखनऊ। आयुष्मान योजना के तहत एक अधेड़ महिला का कूल्हा प्रत्यारोपण किया गया है। ऐसा होने के बाद महिला को एक नया जीवन मिला है। महिला का ऑपरेशन मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल में हुआ है। मोहनलालगंज का यह पहला अस्पताल है जहां पर आयुष्मान योजना के मरीज का नि:शुल्क इलाज किया गया। योजना के तहत आधा दर्जन मरीजों का इलाज अब तक किया जा चुका है।
कूल्हे में टीबी
महिला दो साल से बिस्तर पर थी। कूल्हे में टीबी हो गई थी, जिसके चलते महिला चलने में असमर्थ थी। अब वह जल्द ही अपने पैरों से चल सकेगी। उन्नाव के मौरावां निवासी सरोजनी देवी (48) कमर में तेज दर्द होने की वजह से चल नही पा रही थी। काफी इलाज के बाद महिला आयुष्मान का कार्ड लेकर मोहनलालगंज के एक निजी अस्पताल पहुंची। अस्पताल के डॉ. सिद्धार्थ ने महिला को भर्ती कर कूल्हे का प्रत्यारोपण किया।