लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल में 10 दिन से भर्ती एक मरीज का ऑपरेशन नहीं किया जा सका। बताया गया है कि इस मरीज को तारीख दी गई थी फिर भी ऑपरेशन नहीं किया जा सका। मरीज रात दो बजे से बिना कुछ खाए-पीये अपने ऑपरेशन का इंतजार करता रहा। दोपहर दो बजे के बाद डॉक्टर ने ऑपरेशन करने से मना कर दिया।
ऑपरेशन करने से मना कर दिया
मरीज परिवारीजनों के साथ सामुदायिक रसोईघर के बगल में बने रैनबसेरे में बैठा दिखा। मरीज ने बताया कि आर्थोपैडिक सर्जन डॉ. नासीर को उसका ऑपरेशन करना था। हरदोई के रहने वाले जगदीश (30) के बायें हाथ की दो जगह से हड्डी टूटी है। वह करीब 10 दिन से अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टर ने बुधवार को उसको ऑपरेशन की डेट दी थी। परिवारीजनों ने बताया कि करीब आठ से दस घंटे पहले ऑपरेशन करने वाले मरीजों को खाना बंद करा दिया जाता है। दोपहर दो बजे के बाद डॉक्टर ने उसका ऑपरेशन करने से मना कर दिया। पीडि़त के मुताबिक डॉक्टर ने आगे की डेट में उसका ऑपरेशन करने की बात कही है।
डिस्चार्ज कराकर घर चले गए
जानकारों के मुताबिक आर्थोपैडिक वार्ड में उन्नाव के रहने वाले राहुल (25) का भी ऑपरेशन टल गया। तीमारदारों का कहना है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन की नई डेट देने की बात कही है। बेड नंबर 10 पर भर्ती राजू (35) का ऑपरेशन न होने से तीमारदार उसे डिस्चार्ज कराकर घर चले गए।