समय पर नहीं कराते जांच, दो टाइम ब्रश नहीं करते 75 प्रतिशत लोग




लखनऊ। यूपी में 80 प्रतिशत लोगों के दांत बीमार हैं। इसका मुख्य कारण फास्ट फूड का बढ़ता चलन है। इंडियन डेंटिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश सचिव डॉ. अनिल चंद्रा का कहना है कि फास्ट फूड खाने के बाद यह दांतों से चिपके रह जाते हैं। क्योंकि इसमें फाइबर कम होता है लिहाजा ये पेट के साथ-साथ दांत की भी सेहत बुरी तरह से बिगाड़ रहे हैं। जबकि परम्परागत खानपान में फाइबर अधिक होता है और यह दांत से चिपकते भी नहीं हैं।
75 प्रतिशत लोग दो बार ब्रश नहीं करते
दंत रोग विशेषज्ञ और लखनऊ के डेंटिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आशीेष खरे का कहना है कि प्रत्येक व्यक्ति को सुबह उठने के बाद और रात में सोने से पहले ब्रश अवश्य करना चाहिए। उन्होंने एक शोध के हवाले से कहा कि यूपी में 75 प्रतिशत लोग दो बार ब्रश नहीं करते। यही नहीं यूपी में लोग कौन सा ब्रश इस्तेमाल करना चाहिए ये भी नहीं जानते। उन्होंने कहा कि केवल सुपर साफ्ट ब्रश का ही इस्तेमाल करना चाहिए। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को डेढ़ से दो मिनट तक ब्रश करना चाहिए। इससे कम और अधिक ब्रश करने से दांतों को नुकसान होता है।
सुपर साफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें
कार्यक्रम में डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि यदि ब्रश खराब होगा तो इससे दांतों के साथ-साथ मसूड़ों के भी खराब होने का खतरा रहता है। हार्ड ब्रश से मसूड़े और दांत घिस जाते हैं। ागे चलकर दांतों की समस्या बढ़ जाती है। इसलिए सुपर साफ्ट ब्रश का इस्तेमाल करें।
कितनी देर करते हैं ब्रश
सबसे बड़ी मिथ्या तो यह है कि आप जितनी देर ब्रश करेंगे उतना अच्छा है, यह धारणा बिल्कुल गलत है। ब्रश डेढ़ मिनट से दो मिनट तक होना चाहिए और वो भी सुपर सॉफ्ट ब्रश से। दोनों समय ब्रश करने की आदत होनी चाहिए। यह हर उम्र के लोगों के लिए है।
… तब जाते हैं डॉक्टर के पास
अक्सर यह देखा गया है कि दांतों की समस्या को लेकर लोग तब जाते हैं जब दांतों में दर्द होता है। ज्यादातर लोगों को यह जानकारी ही नहीं है कि दांतों की सेहत बेहतर रखनी है तो हर छह माह में दांतों की जांच जरूर कराएं।
























