सीतापुर। जिले में 11 जुलाई से चलाये जा रहे जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े के दौरान अब तक 88 महिलाओं व दो पुरुषों ने नसबंदी कराई। लाभार्थियों को गर्भनिरोधक साधन उपलब्ध कराए जाने का भी अभियान चलाया जा रहा है।
नियोजन के फायदे के बारे में बताया
इससे पहले 26 जून से 10 जुलाई तक दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा चलाया गया था जिसमें आशा कार्यकर्ताओं ने योग्य दंपत्तियों को चिन्हित करने के साथ ही उनको परिवार नियोजन के फायदे के बारे में बताया था। दंपत्तियों को परिवार नियोजन के स्थायी व अस्थायी साधन अपनाने के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रोत्साहित भी किया गया था।
अधिकारी ने कही ये बात
परिवार नियोजन के नोडल व अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र शाही ने बताया कि 11 जुलाई से 19 जुलाई तक 88 महिलाओं व दो पुरुषों ने स्थायी साधन को अपनाकर नसबंदी कराई। इसके साथ ही महिला व पुरुषों ने अस्थायी साधन भी अपनाए हैं। 399 महिलाओं ने कॉपर टी, 475 महिलाओं ने प्रसव के बाद कॉपर टी व 508 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन लगवाया है। 4,848 महिलाओं ने छाया गोली व 1978 महिलाएं इमेर्जेंसी गर्भनिरोधक गोली ले चुकी हैं। 32,294 पुरुषों ने कंडोम अपनाया है।
महिलाओं को 2000 रुपए व पुरुषों को 3000 रुपए
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके नैय्यर ने बताया कि जिले में मिशन परिवार विकास के अंतर्गत नसबंदी कराने वाली महिलाओं को 2000 रुपए व पुरुषों को 3000 रुपए दिये जाते हैं। नसबंदी के लिए दंपत्ति को स्वास्थ्य सुविधा पर लाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को पुरुष नसबंदी पर 400 रुपए और महिला नसबंदी पर 300 रुपए दिये जाते हैं।
1800-103-3044 पर करें काल
अंतरा इंजेक्शन अपनाने वाली महिलाओं को 100 रुपए व महिलाओं को लाने वाली आशा कार्यकर्ताओं को 100 रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके अलावा अंतरा इंजेक्शन से संबन्धित समस्याओं के लिए महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 1800-103-3044 पर काल कर उनका निराकरण कर सकती हैं।