लखनऊ। जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों पर लाडली दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर किशोरियों को पोषाहार बांटा गया। किशोरियों को पोषाहार की उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई।
माहवारी स्वच्छता तथा एनीमिया के बारे में जानकारी
मोहनलालगंज की बाल विकास परियोजना अधिकारी सरोज पाण्डेय ने बताया कि इस अवसर पर किशोरियों की बैठक कर उन्हें माहवारी स्वच्छता तथा एनीमिया के बारे में जानकारी दी गई। आयरन की नीली गोली देकर उन्हें बताया गया कि सप्ताह में एक गोली उन्हें खानी है ताकि खून की कमी न हो। इसके साथ ही साथ वे अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।
इसके लिए आवश्यक है कि वह नियमित रूप से प्रोटीनयुक्त पदार्थ जैसे विभिन्न प्रकार की दालें, हरी सब्जियां, मौसमी फल तथा लोकल खाद्य पदार्थों का सेवन करें व उन्हें जो पोषाहार आंगनबाड़ी केन्द्रों पर मिलता है उसका नियमित रूप से सेवन करें ताकि उन्हें पर्याप्त पोषण मिले। इसके साथ ही साथ उन्हें किशोरियों को स्वछता और साफ सफाई के बारे में जानकारी दी। अगर वें महावारी के दौरान साफ-सफाई का धयान रखती हैं तो वह कई प्रकार की समस्याओं और होने वाले संक्रमण से बच सकती हैं। किशोरियों को कपड़े की जगह सेनेटरी नैपकिन के उपयोग के बारे में बताया गया।
कैल्शियम व आयरनयुक्त आहार लेना जरूरी
सरोज पांडे ने बताया कि किशोरियों को उनके शरीर के लिए बढ़ती मांग के अनुसार सही पोषण आवश्यक है। इस अवस्था में अधिक पोषक तत्वों की जरूरत पड़ती है। कैल्शियम व आयरनयुक्त आहार लेना आवश्यक है। खान पान की आदतें, पोषक तत्वों की आवश्यकता, उनकी प्राप्ति एवं संतुलित आहार के बारे में जानकारी देना ताकि उनका स्वास्थय अच्छा हो।
सरोज ने बताया कि इस आयु में सही जानकारी देना एवं परामर्श दिया जाना बहुत आवश्यक है। सही जानकारी न मिल पाने के कारण किशोरावस्था में विभिन्न प्रकार के शारीरिक, प्रजनन एवं स्वास्थय सबंधी समस्याएं आ जाती हैं।