लखनऊ। शहर के त्रिवेणीनगर इलाके में आठ माह के मासूम की मौत हो गई। यह मौत बच्चे को दूध पिलाने के बाद हुई है। मां ने बच्चे को बेड पर लिटाकर चम्मच से दूध पिलाया था। इसके बाद श्वास नली में दूध फंसने से बच्चे की सांसे उखडऩे लगी। परिजन ने तत्काल बच्चे को ट्रामा लेकर गए जहां डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
यह हुआ था
त्रिवेणी नगर प्रथम का रहने वाला देवरस (आठ माह) की मां ने शुक्रवार दोपहर उसे बेड पर लिटाकर चम्मच से दूध पिलाया। दूध पीते ही उसे हिचकी शुरू हो गई। इसके बाद उसकी सांस भी उखडऩे लगीं। उसकी गंभीर स्थिति देख परिवारीजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए। जहां से डॉक्टरों ने उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाने को कहा।
डॉक्टर ने बताई यह वजह
ट्रामा सेंटर की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने मासूम को भर्ती कर उसका इलाज शुरू किया। मगर उसकी स्थिति सामान्य नहीं हुई। डॉक्टरों के काफी देर तक सीपीआर देने के बाद भी मासूम की जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने बताया कि सांस की नली में दूध फंसने से बच्चे की मौत हुई।