नई दिल्ली। गर्मी के तेवर देखकर तो यही लग रहा है कि इस बार मौसम के तेवर बेहद सख्त रहेंगे। भारतीय मौसम विभाग ने लू और भयंकर गर्मी की आशंका वाले 50 जिलों से संबद्ध राज्य सरकारों को पहले ही इस बाबत चेतावनी जारी कर दी है। साथ ही राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान को भी इसके लिए पहले से तैयार रहने के लिए कहा जा चुका है।
हम बाहर का तापमान तो नियंत्रित नहीं किया जा सकता है और रोज स्कूल जाने से भी नहीं बचा जा सकता है। इसलिए खुद को स्वस्थ और सुरक्षित रखने के लिए हमें खुद ही कमर कसनी होगी।
अत्यधिक तापमान के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है, इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, मिचली, घमौरियां और निम्न रक्तचाप भी हो सकता है। ऐसे मौसम के लिए खुद को तैयार रखना बेहतर होगा।
पानी की कमी न होने दें
भयंकर गर्मी को मात देने का यह सबसे पहला उसूल है। शरीर में पानी की कमी न होने दी जाए। अत्यधिक तापमान में बहुत पसीन होता है, जिससे शरीर में ऊर्जा और इलेक्ट्रोलाइट्स का स्तर घटता है। ऐसे मौसम में पानीदार फलों, तरबूज, नीबू, खरबूज, खीरा, कीवी का सेवन फायदेमंद होगा।
ठंडे पानी से नहाएं
तेज गर्मी में ठंडा पानी न सिर्फ पीने में राहत देता हैए बल्कि नहाने और समय-समय पर हाथ, मुंह धोने में आराम मिलता है। रात में सोने से पहले पैर और चेहरा ठंडे पानी से धोने नींद अच्छी आती है। तेज गर्मी में शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए गले के आसपास आइसपैक रखना अच्छा है। इससे तापमान तुरंत काबू में आ जाएगा।
घर में बहुत ज्यादा बल्ब न जलाएं
सूरज की रोशनी अगर सीधे कमरों के अंदर आ रही है, तो परदे लगाकर रखना बेहतर होगा। इससे अलावा रात के समय घर के अंदर का तापमान नियंत्रित रखने के लिए जितना हो सके, उतनी कम लाइट जलाएं। जरूरत से ज्यादा बल्ब और लाइटें घर के भीतर का तापमान बढ़ाती हैं।