लखनऊ। एरा विश्वविद्यालय के एराज मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के आर्थोपेडिक विभाग ने कोहनी प्रत्यारोपण का सफल ऑपरेशन कर नया मुकाम हासिल किया है। इस ऑपरेशन के बाद एरा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अब्बास अली महदी व प्रधानाचार्य प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने डॉक्टर की टीम को इस कामयाबी पर बधाई दी। यह ऑपरेशन 27 जून को किया गया था।
यहां हुआ सफल ऑपरेशन
हरदोई के रहने वाले संतोष को 12 साल पहले चोट लगने के कारण कोहनी के जोड़ में परेशानी हो गई थी। संतोष की उम्र करीब 40 साल है। इस परेशानी को लेकर संतोष कई बड़े अस्पतालों में इलाज कराया लेकिन कोई समस्या को खत्म नहीं कर सका। इसके बाद संतोष ने एराज मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय के आर्थोपेडिक विभाग में इसका इलाज कराना शुरू किया। यहां डॉ. एएन मिश्रा, एवं डॉ. शकील किदवई की टीम ने संतोष की पूरी जानकारी ली। जानकारी लेने के बाद मरीज का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों की टीम ने कोहनी के जोड़ का प्रत्यारोपण का निर्णय लिया।
ये है ऑपरेशन की टीम
इस जटिल आपरेशन को डॉ. एएन मिश्रा, डॉ. शकील किदवई एवं डॉ. विपिन ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जिसके दूसरे दिन से ही मरीज की कोहनी का जोड़ काम करने लगा। ऐसा जटिल आपरेशन बड़े संस्थानों में भी बहुत कम सफल होते हैं।