लंदन। आपके चलने की गति आपके स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकती है। जी हां एक शोध में यह बात सामने आई है कि हृदय रोगी अगर तेज चलते हैं तो उन्हें इससे फायदा होता है। इटली की यूनिवर्सिटी ऑफ फरेरा की शोधार्थी व अध्ययन की लेखिका कार्लोटा मेरलो ने कहा कि तेज चलने से अस्पताल में भर्ती होने और वहां लंबे समय तक रहने की स्थिति का जोखिम कम होता है।
इस निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए किए गए अध्ययन में 1,078 उच्च रक्तचाप से ग्रस्त रोगियों को शामिल किया गया था, जिनमें से 85 फीसदी को कोरोनरी हृदय रोग व 15 फीसदी को वाल्व रोग था।
निष्कर्ष के अनुसार धीमी गति से चलने वालों की तुलना में तेजी से चलने वालों को तीन साल में अस्पताल में भर्ती होने की 37 फीसदी कम संभावना देखी गई।
चहलकदमी वयस्कों में व्यायाम का सबसे लोकप्रिय प्रकार है। यह निशुल्क और बिनी विशेष प्रशिक्षण के लगभग कहीं भी किया जा सकता है। यहां तक कि छोटे अंतराल में, लेकिन नियमित चहलकदमी के लाभ हैं। हमारे अध्ययन से पता चलता है कि चलने की गति में तेजी आने पर यह लाभ अधिक हो जाते हैं।