लखनऊ। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 15 फरवरी से 1 मार्च तक पंद्रह दिवसीय विशेष परिवार कल्याण जागरुकता एवं सेवा प्रदायगी अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान समुदाय में परिवार कल्याण कार्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
नोडल, परिवार नियोजन, डॉ. एके दीक्षित ने बताया कि पूरे जिले में आशा, एएनएम, लेडी हैल्थ विजिटर (एल.एच.वी.) को प्रेरित कर उनके द्वारा घर-घर में योग्य दंपत्तियों से संपर्क किया जाएगा। इस दौरान दंपत्तियों का पंजीकरण किया जाएगा और लाभार्थियों द्वारा इच्छित परिवार नियोजन विधियों जैसे स्थायी विधि (महिला व पुरुष नसबंदी) व अस्थायी विधियों (अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली, आई.यू.सी.डी.) की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एंबुलेंस 102 व 108 की सुविधा उपलब्ध
डॉ. दीक्षित ने बताया कि जिले में सभी शहरी व ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर परिवार नियोजन की दोनों स्थायी व अस्थायी विधियों से संबन्धित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर केवल अस्थायी विधियों से संबन्धित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्थायी विधियां स्वास्थ्य केन्द्रों पर निर्धारित दिन में उपलब्ध कराई जाएंगी। पुरुष-महिला नसबंदी के लाभार्थियों को लाने व ले जाने के लिए एंबुलेंस 102 व 108 की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
अंतरा इंजेक्शन लाभकारी
डॉ. दीक्षित ने बताया कि अंतरा इंजेक्शन भी लाभकारी है। इसकी पूरी जानकारी टोल फ्री नंबर 1800-103-3044 पर फोन कर ली जा सकती है। इस टोल फ्री नंबर पर लाभार्थी के मोबाइल से पंजीकरण करवाने के बाद उनका फॉलो अप किया जाता है। इंजेक्शन लगाने के बाद, इंजेक्शन लगने वाली जगह को रगडऩा नहीं है क्योंकि ऐसा करने पर दवा बाहर आ जाती है और उसका असर कम हो जाता है।