डेस्क। सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद लिए गए बिलासपुर जिला के दयोली गांव में आयुष्मान भारत दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के तहत देश के 10,74,000 परिवारों यानी करीब 50-55 करोड़ देशवासियों को निशुल्क 5 लाख रुपए वार्षिक का स्वास्थ्य बीमा कवर किया जाएगा। यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है। इस बीमा योजना के तहत अस्पताल में मरीज का 5 लाख रुपए तक का सारा इलाज मुफ्त होगा। इस योजना में 1,392 प्रकार की बीमारियों को कवर किया गया है। निरोगी केंद्र योजना का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान में देश में करीब 1,50,000 उप स्वास्थ्य केंद्र हैं। वर्ष 2020 तक इन सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों को निरोगी केंद्रों में बदल देने के प्रधानमंत्री की सोच है।