लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के हेमेटोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो एके त्रिपाठी की पुस्तक प्लेटलेट्स की कमी, भ्रांतियां एवं समाधान का विमोचन बुधवार को उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान में उत्तर प्रदेश विधानसभाध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने किया।
स्वस्थ व्यक्ति में डेढ़ लाख से साढ़े चार लाख के बीच प्लेटलेट्स की संख्या
इस दौरान पुस्तक के लेखक डॉ एके त्रिपाठी ने बताया कि पुस्तक में प्लेटलेट्स की कमी, कमी होने के कारण, कमी दूर करने के उपाय जैसी बातों को विस्तार से बताया गया है। उन्होंने बताया कि सामान्य रूप से एक स्वस्थ व्यक्ति में डेढ़ लाख से साढ़े चार लाख के बीच प्लेटलेट्स की संख्या होती है। बुखार, विटामिन की कमी, दवाओं आदि के चलते यह संख्या घटती-बढ़ती रहती है। उन्होंने बताया कि 30 हजार तक भी अगर प्लेटलेट्स रह गयी हैं तो घबराने की बात नहीं हैं।
ऐसा होता है
डॉ त्रिपाठी ने बताया कि वर्तमान समय में प्लेटलेट्स काउंट करने की सुविधा आसानी से उपलब्ध है, लेकिन जरूरी यह है कि इसकी जांच में मानकों का पूरा पालन होना चाहिये अन्यथा रिपोर्ट गलत आती है। उन्होंने बताया कि कई मरीजों में देखा गया है कि उन्हें कम प्लेटलेट्स की शिकायत बतायी गयी थी लेकिन जब उनकी केजीएमयू में जांच करायी गयी तो प्लेटलेट्स संख्या ठीक थी।
इसके कारण के बारे में उन्होंने बताया कि प्लेटलेट्स जांच के लिए जब खून का नमूना निकाला जाता है वह अगर देर तक रखा रहे याफ्रिज में रख दिया जाये तो प्लेटलेट्स का गुच्छा बनने लगता है। इसके बाद जब वह जांच के लिए मशीन में जाता है तो वह काउंटिंग में नहीं आता है ऐसे में रिपोर्ट में प्लेटलेट्स कम शो होती हैं जबकि असलियत में प्लेटलेट्स कम नहीं होती हैं।