लखनऊ। संयुक्त स्वास्थ आउटसोर्सिंग संविदा कर्मचारी संघ उप्र के आह्वान पर यूपीएचएसएससपी के निकाले गए हजारों कर्मचारियों ने मंगलवार को स्वास्थ्य महानिदेशक कार्यालय का घेराव किया गया। टीएनएम कंपनी के जरिये राजधानी लखनऊ के विभिन्न अस्पतालों में तैनात आउटसोर्सिंग कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर चले गये। हजरतगंज स्थित गांधी पार्क में विरोध प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी अनुबंध खत्म करने के मामले को लेकर रोष में हैं।
कर्मचारियों के कामकाज ठप करने से अस्पतालों में मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। परियोजना निदेशक यूपी एचएसएसपी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद सभी कर्मचारी जीपीओ पर इक_ा होकर प्रदर्शन किए। संघ ने प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य महानिदेशक से वार्ता की और विशेष सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण वी हेकाली झीमोमी से वार्ता की।
वार्ता में संघ ने शासन को अवगत कराया गया कि प्रदेश के 51 जनपद के लगभग 10 हजार युवा कर्मचारियों को योजना बंद होने के कारण बेरोजगारी और भुखमरी का सामना करना पड़ेगा। प्रदेश में सभी जनपदों के कर्मचारियों द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिलाधिकारी, विधायक, सांसद को ज्ञापन दिया गया है। शासन द्वारा कार्रवाई ना होने के कारण कर्मचारी आज प्रदर्शन करने को मजबूर हुए हैं।
कार्यरत कर्मचारियों को समायोजित किया जाएगा
विशेष सचिव ने संघ को अवगत कराया कि कोई भी कर्मचारी हटाया नहीं जाएगा सभी कर्मचारियों को सेवा में जारी रखा जाएगा। परियोजना बंद नहीं की जाएगी, सेवा प्रदाता फर्म बदला जाता है तो पूर्व में कार्यरत कर्मचारियों को उस फर्म में समायोजित किया जाएगा, क्योंकि यह सभी पुराने, अनुभवी तथा मेहनती और योग्य कर्मचारी हैं।
करते रहेंगे कार्य बहिष्कार
शासन से वार्ता के बाद संघ पदाधिकारियों ने आज प्रदर्शन समाप्त किया। इसके बाद प्रदेश के सभी जनपदों में अपने-अपने चिकित्सालयों में कर्मचारी 2 घंटे का कार्य बहिष्कार तब तक करते रहेंगे जब तक कर्मचारियों की सेवा जारी रखे जाने का आदेश शासन द्वारा निर्गत नहीं किया जाता है। 9 मार्च 2019 तक आदेश में आने की दशा में 11 मार्च दिन सोमवार को पूरे प्रदेश में कार्य बंद करके लखनऊ के इको गार्डन में संघ द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा तथा मुख्यमंत्री आवास का घेराव कर मुख्यमंत्री द्वारा तुरंत आदेश जारी कराया जाएगा।
संगठन की ओर से शासन में वार्ता के लिए प्रदेश अध्यक्ष रितेश मल्ल, प्रदेश मीडिया प्रभारी सच्चिदानंद मिश्रा, महामन्त्री रामेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, प्रदेश उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह लक्की, बद्रीश चंद्र श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष लखनऊ रविंद्र कुमार, जावेद आदि शामिल थे।