लखनऊ। तालकटोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की सुबह रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल (आरएलबी) में उपचार कराने पहुंची एक महिला से वहां के डॉक्टर ने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के आरोप लगाने पर गुस्साए परिवारीजनों ने अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ की। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला का आरोप
आरएलबी अस्पताल में डॉक्टर बीके चौधरी के पास सुबह एक महिला उपचार के लिए पहुंची। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने इलाज के बहाने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर डॉक्टर ने धमकी दी। इसके बाद मलिहा ने परिवारीजनों को सूचना दी, जिसके बाद महिला के परिजनों ने अस्पताल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।
मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही तालकटोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस बीच तोड़फोड़ करने वाले निकल चुके थे। पुलिस ने अपनी कार्यवाही करते हुए चिकित्साधीक्षक आरपी चौधरी से वार्ता की। उन्होंने पूरी घटना बतायी और अपनी ओर से अस्पताल में तोड़फोड़ के लिए तहरीर दी।
शोर मचाने पर डॉक्टर ने धमकाया
वहीं महिला कुछ देर में थाना तालकटोरा पहुंचकर डॉक्टर के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित महिला ने मीडिया से कहा कि रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल के डॉक्टर ने उसके साथ बलात्कार करने की कोशिश की है। उसके शोर मचाने पर डॉक्टर ने उसे धमकाया। तालकटोरा थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर ले ली गयी है। पुलिस विवेचना के बाद ही आगे की कार्यवाही करेगी। आरएलबी में तोड़फोड़ मामले में सरकारी सम्पत्ति नुकसान की धाराओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।