लखनऊ। फैजुल्लागंज स्थित गाजीपुर बलराम के प्राथमिक विद्यालय में डेंगू के लार्वा पनप रहे हैं। यहां के बच्चों पर डेंगू का खतरा मंडरा रहा है। सीएमओ की टीम ने स्कूल के आसपास का निरीक्षण किया है। जहां डेंगू के लार्वा मिले और स्कूल परिसर में गंदगी भी मिली। वहीं देखने में आया कि सूअर और गाय भी घूम रही थी।
नोटिस के साथ दी चेतावनी
निरीक्षण में स्कूल परिसर में जगह-जगह जलभराव देखने को मिला। परियर से सटे क्षेत्र में भी जलभराव था। उसी जलभराव में सूअर थे जो स्कूल परिसर में घूम रहे थे। इस वजह से स्कूल में गंदगी फैली थी। मलेरिया इंस्पेक्टर प्रशांत वर्मा, सुपरवाइजर शैलेंद्र कुमार पांडेय और क्षेत्रीय कार्यकर्ता रमेश चंद्र यादव ने परियर में भरे पानी को देखा। उसमें डेंगू के लार्वा मिले। सुपरवाइजर शैलेंद्र ने स्कूल को नोटिस देकर तत्काल ही व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी।
मनकामेश्वर मंदिर वार्ड का निरीक्षण
सोमवार को मलेरिया विभाग की टीम ने मनकामेश्वर मंदिर वार्ड का निरीक्षण किया। यहां आधा दर्जन घरों में गंदगी मिली। कूलर में पानी भरा मिला, उन लोगों को नोटिस जारी कर दी गई है। पानी में डेंगू के लार्वा मिले हैं। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके में ऐटीलार्वा का छिड़काव किया गया है।