लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मचारी बुधवार से हड़ताल करेंगे। अस्पताल के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को छह माह से वेतन नहीं मिला है। इससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। बिफरे कर्मचारियों ने अस्पताल प्रशासन को अल्टीमेटम दिया है।
जानकारी के अनुसार अस्पताल में आउटसोर्सिंग पर 250 कर्मचारी तैनात हैं। छह माह पहले कर्मचारियों की आउटसोर्सिंग कंपनी बदल दी गई थी। इस कंपनी के आने के बाद से ही कर्मचारियों को वेतन मिलना बंद हो गया। इस मामले को लेकर कर्मचारियों नेे कई पर अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत भी की लेकिन वेतन नहीं आया।
इस मामले को लेकर कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया था। वहीं अस्पताल के सीएमएस का कहना है कि किसी भी कर्मचारी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। कंपनी से बातचीत चल रही है। जल्द ही कर्मचारियों की समस्या का समाधान निकाला जाएगा।