लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के संविदा कर्मचारी वेतन को लेकर संघ के नेता, पदाधिकारी अपने कर्मचारियों के हित में अब दो घंटे के बजाए रोजाना सुबह ढाई घंटे अस्पताल परिसर में आंदोलन करेंगे। संविदा कर्मचारियों ने अवनि परिधि कंपनी और अस्पताल प्रशासन से छह माह का बकाया भुगतान की बात कही थी। प्रदर्शन को देखकर कंपनी ने कर्मचारियों के खाते में सिर्फ दो माह का ही वेतन खाते में दिया है।
वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं
कर्मचारियों का प्रदर्शन देख वेतन मामले पर अवनि परिधि कंपनी के अधिकारियों, अस्पताल के निदेशक डॉ. राजीव लोचन और तमाम अफसरों के साथ कर्मचारी अध्यक्ष महेंद्र पांडेय समेत अन्य पदाधिकारियों की बुधवार को अस्पताल के पुस्तकालय में बैठक हुई। वार्ता में कोई निष्कर्ष नहीं निकलता देख कर्मचारियों में रोष है। वहीं कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि अब अस्पताल के अधिकारी भी कंपनी के दबाव में आकर बैकफुट पर है। अब कर्मचारियों ने अल्टीमेटम दिया है कि उनकी मांग नहीं पूरी होने तक दो घंटे के बजाए रोजाना सुबह ढाई घंटे तक प्रदर्शन किया जाएगा। मरीजों की सेवाएं भी बाधित की जा सकती हैं।
34 संविदा कर्मचारियों का वेतन नहीं आया
आरोप है कि अवनि परिधि कंपनी के एक बाबू की गड़बड़ी से बलरामपुर में चार से पांच साल से काम कर रहे 34 संविदा कर्मचारियों का वेतन नहीं आया है। अब कंपनी इन्हें अपना कर्मचारी मानने को तैयार नहीं है। कर्मचारियों का आरोप है कि खुद कंपनी के मुख्य दफ्तर में उन लोगों को इंटरव्यू हुआ। वहां पर तख्ती वाली शर्तों को लेकर उनकी फोटो खिंचवाई गई। अभी 120 अन्य कर्मचारियों को छह माह में से दो माह का वेतन नहीं मिला है।