दिल्ली। क्या आप घर में अगरबत्ती जलाकर पूजा-पाठ करते हैं। अगर हो तो संभल जाइए अगरबत्ती का धुआं आपको नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसा माना जाता है कि इसे जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।
हाल ही एक शोध में बताया गया है कि अगरबत्ती का धुआं सिगरेट के धुएं से ज्यादा खतरनाक साबित होता है। इसमें पाए जाने वाले पॉलीएरोमैटिक हाइड्रोकार्बन अस्थमा, कैंसर, सरदर्द और खांसी जैसी बीमारियों का कारण बन सकते हैं। इससे सांस की समस्याओं के साथ कई और समस्याएं हो सकती है।
ये हो सकती है समस्या
इसमें मौजूद नाइट्रोजन और सल्फर डाईऑक्साइड गैस सेहत के लिए हानिकारक होती है। इससे सांस लेने में तकलीफ के साथ अस्थमा की समस्या भी हो सकती है। कार्बनमोनो ऑक्साइड शरीर में जाकर फेफड़ों को नुकसान पहुंचाती है। इसके वजह से फेफड़ों के रोग के साथ जुकाम और कफ की समस्या भी हो जाती है। इसके धुएं में लगातार सांस लेने से दिल की कोशिकाएं सिकुडऩे लगती है। लगातार ऐसा होने से हार्ट अटैक का खतरा बढ़ जाता है। धुएं में मौजूद हानिकारक केमिलक आंखों में खुजली, जलन और स्किन एलर्जी का कारण बन सकते हैं। इसके धुंए के कारण आंखों की रोशनी खराब होने का डर भी रहता है। ज्यादा समय तक इसका धुआं शरीर में जाने से श्वसन कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। धूम्रपान के साथ-साथ अगरबत्ती का धुआं भी इस कैंसर के खतरे को बढ़ाता है।