लखनऊ। केजीएमयू में बर्न पीडि़त मरीजों के लिए हाइपर बेरिक ऑक्सीजन थेरेपी यूनिट शुरू होने जा रही है। इस यूनिट का उद्घाटन जल्द ही करने की तैयारी की जा रही है। पीडि़त मरीजों को घाव में हो रहे रिसाव के कारण तड़पना पड़ता है। इससे इंफेक्शन का खतरा भी बना रहता है। नई यूनिट के शुरू होने से मरीजों को राहत मिलेगी।
केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष प्रो. एके सिंह ने बताया कि इस मशीन के माध्यम से मरीज के शरीर के सभी अंगों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सप्लाई की जाती है। उन अंगों में जहां ऑक्सीजन पहुंचने में दिक्कत है, वह आराम से पहुंच जाती है। इसमें हाई प्रेशर में ऑक्सीजन शरीर में प्रवेश करवाई जाती है। ऐसा तब किया जाता है जब दवाओं का असर कम होता है। फिलहाल इससे मरीज के शरीर के घाव जल्द ही भरेंगे।
यह थेरेपी एक चिकित्सा उपचार
इस हाइपर बेरिक ऑक्सीजन थेरेपी में मरीज को एक चैंबर में एक टेबल पर लिटाया जाता है। इसमें ऑक्सीजन की सप्लाई से मरीज सांस लेता है। चैंबर में ऑक्सीजन का दबाव धीरे-धीरे बढ़ा दिया जाता है। यह थेरेपी एक चिकित्सा उपचार है। इसमें जब व्यक्ति के शरीर में 100 प्रतिशत ऑक्सीजन पहुंचती है तो शरीर की प्राकृतिक उपचार प्रक्रिया को बढ़ाती है।