गाजियाबाद। मोदीनगर स्थित ईएसआई अस्पताल में इंचार्ज पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। आरोप है कि दवाओं का बिल पास करने के लिए रिश्वत मांगी गई थी। मामला संज्ञान में आने आने के बाद ईएसआई के डायरेक्टर ने इसकी जांच सीएमओ को सौंपी है। सीएमओ का कहना है कि अभी जांच जारी है।
मरीज की सुनवाई नहीं होती
आरोप गाजियाबाद के मोदी नगर स्थित ईएसआई अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर शकुंतला कुरील पर लगाया गया है। आरोप है कि दवाओं का बिल पास करने के लिए इंचार्ज मरीजों से कई हजार रुपये की घूस लेती हैं। रुपये लेने के बाद भी मरीज की सुनवाई नहीं होती है। मुरादनगर के गांव जलालाबाद के रहने वाले वेदपाल का कहना है कि जब भी वह औषधालय जाता है तो वहां पर डॉक्टर नहीं मिलती हैं। सुबह 9 बजे तक भी इंचार्ज ड्यूटी पर नहीं आती हैं। शाम को वह हमेशा नदारद रहती हैं।
सीएमओ को जांच के आदेश दिए
इसकी शिकायत उन्होंने ईएसआई डायरेक्टर से की थी। इसके बाद सीएमओ को जांच के आदेश दिए गए हैं। पीडि़त ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस बारे में सीएमओ एनके गुप्ता का कहना है कि आरोपों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
























