लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टरों ने 77 साल के बुजुर्ग किसान की जटिल ऑपरेशन कर जान बचाई। बुजुर्ग को यूरेनरी ब्लैडर में करीब 22 एमएम की पथरी थी। इसके साथ ही प्रोस्टेट की भी समस्या थी। मरीज को स्टोन होने से पेशाब होना बंद हो गया था। इसके अलावा पथरी के फंसने से बीपी भी बढ़ गया था जो दिल पर असर डाल रहा था।
ऑपरेशन की सलाह दी
सिद्धार्थनगर निवासी अनिरुद्ध प्रसाद त्रिपाठी (77) पेशे से किसान हैं। उनके यूरेनरी ब्लैडर में स्टोन था। इसके साथ ही प्रोस्टेट (70 ग्राम) की शिकायत थी। स्टोन फंस जाने से उन्हें पेशाब होना बंद हो गया था। उनके बेटे एसएम त्रिपाठी ने बताया कि सिद्धार्थ नगर से उन्हें बलरामपुर अस्पताल लाए। यहां इमरजेंसी में यूरो सर्जन डॉ. एस. चंद्रा ने देखा। उन्होंने तुरंत ही ऑपरेशन की सलाह दी जिसपर परिजन ने सहमति दी।
डॉ. राजीव लोचन ने की ओपन सर्जरी
अस्पताल के निदेशक डॉ. राजीव लोचन ने बताया कि प्रोस्टेट और ब्लैडर में स्टोन होने से मरीज का बीपी काफी बढ़ गया था। पेशाब न होने की समस्या हो गई थी। जिससे दिल पर असर पड़ रहा था। अटैक का खतरा बढ़ गया था। तुरंत ही 10 अक्टूबर को ऑपरेशन किया गया। पथरी निकालने के लिए ओपन सर्जरी डॉ. राजीव लोचन ने की। जबकि प्रोस्टेट का दूरबीन विधि से यूरो सर्जन डॉ. एस. चंद्रा ने किया। इसमें बेहोशी के डॉ. शैलेंद्र की अहम भूमिका रही। अब मरीज की हालत पहले से काफी बेहतर है।