लखनऊ। स्वाइन फ्लू से पीडि़त एक व्यक्ति की सोमवार को मौत हो गई है। वहीं पांच लोग असकी चपेट में हैं जिसमें से तीन मासूम हैं। स्वाइन फ्लू की चपेट में आए पांचों मरीजों का घर पर ही इलाज चल रहा है। स्वाइन फ्लू से मृत व्यक्तियों की संख्या पांच हो गई है जबकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों में दो लोगों की ही मौत की पुष्टि हुई है। मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो गया है। अब यह संख्या बढ़कर 380 हो गई है।
इन्दिरा नगर सेक्टर आठ निवासी और रिटायर जिला अफीम अधिकारी राजा राम सिंह यादव (69) का मिडलैंड अस्पताल में इलाज चल रहा था। बेटे संतोष कुमार यादव के मुताबिक मिडलैंड अस्पताल में 26 फरवरी को भर्ती कराया गया था। उन्हें गोमतीनगर के एक निजी अस्पताल और पीजीआई में जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई थी। भर्ती के दौरान स्वाइन फ्लू और सांस लेने की तकलीफ थी। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था। सोमवार तड़के उनकी मौत हो गई।