लखनऊ। सोमवार को अपनी मांगों को लेकर पीजीआई कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जताते क्रमिक धरने पर बैठ गए। इनकी मांगों में कर्मचारियों की पदोन्नति, संयुक्त मोर्चा की की प्रमुख संस्थान की नियमावली 2011 में संशोधन का मुद्दा सहित कई मांगें हैं।
मरीजों को नहीं हुई परेशानी
वहीं धरने पर बैठे कर्मचारियों ने कहा कि पीजीआई में दिल्ली एम्स की समतुल्यता लागू की जाए। ताकि कर्मचारियों को वेतन भत्ते एवं अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी धर्मेश कुमार, राजेश शर्मा, एनपी श्रीवास्तव, सीएल वर्मा, रेखा मिश्रा, भीम सिंह व दिलीप यादव सोमवार को संस्थान परिसर के प्लाजा में क्रमिक धरने पर बैठे। हालांकि धरने पर बैठे कर्मचारियों ने मरीजों को ध्यान में रखते हुए बारी-बारी से धरने का नेतृत्व किया।
मांगों पर केंद्र सरकार से वार्ता करें
धरने में शामिल सरोज वर्मा, सावित्री सिंह, सुनीता सिंह, एसपी यादव व अजय श्रीवास्तव समेत दर्जनों कर्मचारियों ने पहुंच कर कहा कि संस्थान की नियमावली में संशोधन होना चाहिए। सभी ने संस्थान प्रशासन से आग्रह किया है कि वह शासन की मदद से कर्मचारियों की मांगों पर केंद्र सरकार से वार्ता करें। मंगलवार को मोर्चे के अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में धरना होगा।