लखनऊ। गोमती नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान को गुरुवार को नया निदेशक मिल गया। इस पद पर केजीएमयू के क्लीनिकल हिमेटोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी नियुक्त किए गए हैं। अभी तक निदेशक पद पर एनस्थीसिया विभाग के डॉ. दीपक मालवीय थे।
38 डॉक्टरों ने किया था आवेदन
राज्यपाल राम नाईक ने डॉ. त्रिपाठी को निदेशक नियुक्त किया है। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव हेमन्त राव ने गुरुवार को आदेश जारी कर दिया है। डॉ. त्रिपाठी शुक्रवार को लोहिया संस्थान का कार्यभार ग्रहण करेंगे। निदेशक पद के लिए शासन के आदेश के बाद विज्ञापन प्रकाशित किया गया था। इसमें देश भर के 38 डॉक्टरों ने आवेदन किया था। राज्यपाल ने साक्षात्कार के बाद डॉ. अनिल कुमार त्रिपाठी को लोहिया संस्था का निदेशक नियुक्त किया है।