लखनऊ। खाने से पहले हाथ धोने की आदत को बच्चों में डालें क्योंकि बच्चे स्लेट पर चॉक से लिखते हैं। उक्त बातें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने आज छावनी परिसर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र में कही। राज्यपाल ने बलरामपुर अस्पताल और छावनी परिसर स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र एवं वृद्धाश्रम का भ्रमण किया। आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों से मुलाकात कर हिन्दी एवं अंग्रेजी का अक्षर ज्ञान और गिनती सुनी। राज्यपाल ने हजरतगंज थाने का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षिकाओं से बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के विषय में चर्चा की।
स्वस्थ रहने के दिए मंत्र
वृद्धाश्रम में उन्होंने बुजुर्गों का हालचाल लिया। नाम पूछकर कहां से और कब आये हैं और क्या सुविधाएं मिल रही हैं इसकी जानकारी के साथ रसोई घर की व्यवस्था को भी देखा। आंगनबाड़ी केन्द्र में उपस्थित महिलाओं से बातचीत की तथा स्वस्थ रहने के मंत्र के साथ कुपोषण के बारे में भी बताया। उन्होंने बच्चों और बुजुर्गों को फल भी वितरित किये।
बलरामपुर अस्पताल पहुंची
इसके बाद राज्यपाल ने बलरामपुर अस्पताल के ओपीडी कॉम्प्लेक्स, पंजीयन हॉल, पोषण एवं पुनर्वास केन्द्र, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, ईएनटी महिला वार्ड, महिला सर्जरी वार्ड, आईसीयू डेंटल सर्जरी कक्ष का निरीक्षण किया तथा आयुष्मान भारत के अंतर्गत स्वास्थ्य लाभ पाने वाली महिलाओं से मिलकर उनका हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को फल वितरित किये तथा चिकित्सकों से अस्पताल के बारे में अन्य जानकारियां भी प्राप्त कीं। इस अवसर पर निदेशक बलरामपुर अस्पताल डॉ. राजीव लोचन व अन्य चिकित्सक भी उपस्थित थे।