नई दिल्ली। मुलायम सिंह यादव को अभी मेदांता से डिस्चार्ज ही किया गया था। एक बार फिर उनकी तबीयत खराब हो गई है। इसके बाद मुलायम सिंह को गाजियाबाद के कौशांबी इलाके में स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बार फिर से उनका शुगर लेवल बढ़ गया है।
जांच की जा रही
अस्पताल में मुलायम सिंह के साथ उनके भतीजे और पूर्व सपा सांसद धर्मेंद्र यादव भी आए थे। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी जांच की जा रही है और किसी तरह की घबराने वाली बात नहीं है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी तबीयत पर नजर बनाए हुए है। गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब चल रही है।
लगातार बिगड़ रही तबीयत
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपने परिवार को एकजुट करने की कोशिशों में जुटे मुलायम सिंह यादव की तबीयत पिछले कई दिनों से खराब चल रही है। अभी शनिवार शाम को ही तबीयत बिगडऩे पर उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था। इससे पहले भी उन्हें शुगर लेवल बढऩे की शिकायत के चलते मेदांता लाया गया था। इस महीने में यह पांचवी बार है, जब उनकी तबीयत खराब होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मेदांता से पहले मुलायम को लखनऊ के पीजीआई में इलाज के लिए ले जाया गया था।
शुगर ज्यादा होने के कारण हुई समस्या
पिछले दिनों 10 जून को मुलायम सिंह यादव को तबीयत खराब होने के बाट चार्टर प्लेन से दिल्ली लाया गया और गुरुग्राम के मेंदाता में एडमिट कराया गया। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, मुलायम सिंह यादव की तबीयत शुगर ज्यादा होने के कारण बिगड़ी थी। मेदांता में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने रात में ही उनकी कुछ जरूरी जांचें कराईं और रिपोर्ट आने के बाद बताया कि अब मुलायम सिंह की हालत स्थिर है। उन्हें हॉस्पिटल के आईसीयू वार्ड में रखा गया था। मेदांता में मुलायम सिंह यादव का इलाज सीनियर फिजिशियन डॉ. सुशीला कटारिया की देख-रेख में चला था। डॉ. सुशीला कटारिया की देखरेख में इससे पहले भी मुलायम सिंह यादव का इलाज चल चुका है।