रायपुर। रामकृष्ण अस्पताल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल में मृतक महिला का एक पुरुष स्टाफ द्वारा कपड़ा बदलने का मामला सामने आया है। इस बात की जानकारी पीडि़त परिजनों को हुई तो अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने तत्काल ही पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
परिजनों ने टोका तो पुरुष स्टाफ ने कही ये बात
जानकारी के अनुसार महिला प्रभा देवांगन का रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में पिछले कई दिनों से इलाज जारी था। महिला प्रभा देवांगन को आईसीयू में एडमिट किया गया था। इलाज के दौरान प्रभा देवांगन ने आज दम तोड़ दिया। प्रभा देवांगन की मौत के बाद रामकृष्ण केयर के पुरुष स्टाफ मृतक महिला के कपड़े बदलने लगे। परिजनों ने इस बात पर आपत्ति दर्ज की। पुरुष स्टाफ ने कह दिया कि यहां महिलाओं के कपड़े भी पुरुष स्टाफ ही बदलते हैं। इसके बाद पुरुष स्टाफ और मृतक महिला के परिजनों के बीच जमकर तू-तू-मैं-मैं होने लगी। यहां तक की परिजनों ने पुलिस टीम भी बुला लिया। इसके बाद परिजनों का लिखित बयान दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुट चुकी है।