लखनऊ। मंगलवार को राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें केजीएमयू के पल्मोनरी विभाग के हेड प्रो. सूर्यकांत मौजूद थे। प्रो सूर्यकांत को पर्यावरण क्षेत्र में बेहतर कार्य के लिए इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ एन्वायरमेंटल बॉटेनिस्ट द्वारा फेलोशिप अवॉर्ड दिया गया है।
प्रो सूर्यकांत को यह अवॉर्ड उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक द्वारा प्रदान किया गया। बता दें प्रो सूर्यकांत ने वायु प्रदूषण और पर्यावरण पर काफी काम किया है जिसके लिए बीते 25 अगस्त को भी मुंबई में एन्वायरमेंट मेडिकल एसोसिएशन द्वारा उन्हें केसी मोहन्ती पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
डॉ. सूर्यकांत ने कही ये बात
इस दौरान प्रो सूर्यकांत ने कहा कि पर्यावरण को दूषित होने से बचाने के लिए उनका त्रिसूत्रीय फॉर्मूला है। इसमें पहला है जब भी किसी समारोह में बुके देना हो तो उसकी जगह एक पौधा दें। दूसरा बच्चों का जन्मदिन हो या विवाह की वर्षगांठ इस पर मोमबत्ती न जलायें, इसकी जगह उतने ही पौधे लगायें जितने जन्मदिन और विवाह को वर्ष हुए हों।
इससे जहां मोमबत्ती से निकलने वाले धुएं से बचाव होगा वहीं पेड़ों की संख्या भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि तीसरा महत्वपूर्ण फॉर्मूला है कि रोज शाम को सोचिये कि आज आपने पर्यावरण को कोई नुकसान तो नहीं पहुंचाया। जैसे अगर आपने दिन भर में पांच सिगरेट पी तो आपने पर्यावरण का कितना नुकसान किया। एक सिगरेट के धुएं से 30 प्रतिशत पीने वाले के अंदर और 70 फीसदी वातावरण में धुआं घुल जाता है। पर्यावरण के बेहतर रहने पर सभी का जीवन निर्भर है।