गोरखपुर। सांसद के भाई व भाभी डेंगू की चपेट में आ चुके हैं। वहीं भाई का लखनऊ में और भाभी का महानगर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसकी जानकारी दी।
मच्छरों के डंक से सदर सांसद ई. प्रवीण निषाद का परिवार डेंगू की चपेट में आ गया है। सांसद के बड़े भाई डॉ. अमित और भाभी डॉ. आरती को डेंगू हो गया है। इसकी तस्दीक प्राइवेट अस्पताल की जांच में हुई।
भाई की हालत नाजुक
बताया जा रहा है सांसद के भाई डॉ. अमित की हालत ज्यादा नाजुक हो गई। उन्हें तेज बुखार होने लगा। आनन-फानन में परिवारीजन डॉ. अमित को लेकर लखनऊ पहुंचे। जहां लोहिया संस्थान में भर्ती कराया गया। उधर सांसद के भाभी की हालत भी रविवार की शाम से बिगडऩे लगी जिसके बाद परिवारीजनों ने उन्हें छात्रसंघ चौराहे के पास स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
नगर निगम पर बिफरे राष्ट्रीय अध्यक्ष
परिवार के दो सदस्यों के बीमार होने के बाद निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद बिफर गए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों को लंबे समय से इस बात की जानकारी दी जा रही है कि सांसद के आवास के आसपास मच्छरों का प्रकोप बढ़ा है। छिड़काव की दरकार है। इसके बावजूद निगम के अधिकारियों के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। अधिकारियों ने कोई छिड़काव नहीं कराया। जिसके कारण आज यह संकट आ गया है।
निजी इंतजाम कर कराई फागिंग
सांसद के परिवार में दो और सदस्य इस समय बुखार की चपेट में है। इसके अलावा निषाद कार्यालय में रहने वाले कार्यकर्ता भी बीमार है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्राइवेट फागिंग मशीन का इंतजाम किया। सोमवार को उन्होंने आसपास के कालोनियों में छिड़काव कराया। नालियों में एंटी लार्वा दवाएं भी छिड़कवाई।