लखनऊ। पेड़ और पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। मनुष्य की बदलती जीवन शैली ने स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। प्रकृति में असंख्य पेड़-पौधे हैं, उनमें अनेकों औषधीय गुण पाए जाते हैं। ऐसा कोई पौधा नहीं जिसमें औषधीय गुण न हों। स्वास्थ्य के लिए यह भी जरूरी है कि हम अपनी दिनचर्या पर विशेष ध्यान दें।
हमारे जीवन में भोजन और व्यायाम बहुत ही महत्वपूर्ण है। अगर हम इस पर ध्यान दें तो 95 फीसदी बीमारियां हमें छू भी नहीं पाएंगी। उक्त बातें मंगलवार को किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एमएलबी भट्ट ने राष्ट्रीय वनस्पति विज्ञान अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) में हिन्दी पखवाड़े के शुभारम्भ अवसर में मुख्य अतिथि के रूप में कही।
प्रो. भट्ट ने यह कहा
प्रो. भट्ट ने कहा कि आज हमें स्वच्छ जल, भोजन एवं वायु तक उपलब्ध नहीं हो पा रही है। पर्याप्त नींद व सूर्य का प्रकाश भी नहीं मिल पा रहा है। प्राकृतिक चीजों के स्थान पर अन्य चीजों का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि एक वैज्ञानिक अपने जीवन में एक पौधे में औषधीय गुणों की जानकारी प्राप्त कर ले तो उसका वैज्ञानिक जीवन सफल हो जाएगा।
हिंदी में अधिक से अधिक कार्य करने को कहा
इस मौके पर संस्थान के निदेशक प्रो. एसके बारिक ने कर्मचारियों को राजभाषा हिंदी में अधिक से अधिक कार्य करने के प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम मे तहत अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा।