लखनऊ। प्रसव के दौरान 20 फीसदी गर्भवती महिलाओं में खून की कमी मौत का कारण बनती है। वहीं यह भी देखने में आया है कि 50 फीसदी अन्य मौत एनीमिया के कारण होने वाली बीमारियों से होती है। यदि मां एनीमिया से पीडि़त है तो नवजात कम वजन के पैदा होते हैं।
महिलाओं को ध्यान देना चाहिये
उक्त बातें सृजन शक्ति वेलफेयर सोसाइटी की महासचिव डॉ. सीमा मोदी ने कही। वह संस्था की ओर से न्यू पुलिस लाइन कल्ली में महिलाओं के लिये निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन के दौरान मौजूद थीं। मां और ग्रहणी बनने के बाद महिलाएं खुद के स्वास्थ्य की अनदेखी करने लगती हैं और ये अनदेखी कई बार गंभीर बीमारियों को जन्म दे देती हैं। खून की कमी शरीर में न हो इस तरफ महिलाओं को ध्यान देना चाहिये।
इन्होंने किया स्वास्थ्य परीक्षण
फिजीशियन डॉ. शिवा, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. तरुजीचन्दी की मौजूदगी में यहां महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। डॉ. सीमा मोदी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए महिलाओं से कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहने से कभी-कभी जटिल बीमारियों का पता समय से पहले ही चल जाता है। खासकर महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें और समय-समय पर अपने स्वास्थ्य का परीक्षण कराती रहें। उन्होंने खासकर एनीमिया बीमारी पर बोलते हुए महिलाओं को जागरूक रहने को कहा।
खून की कमी का कारण आयरन
डॉ. शिवा ने कहा कि ग्लोबल न्यूट्रीशिन रिपोर्ट के अनुसार देश की 51 फीसदी 18 से 49 वर्ष की महिलाएं खून की कमी का शिकार हैं। आहार में पौष्टिक तत्वों खासकर आयरन की कमी खून की कमी की वजह होती है। सही समय पर न खाना और न सोना भी इसकी एक वजह बनती है।
300 महिलाएं हुईं शामिल
शिविर में एसआईएसएफएस दुर्गेश पाण्डेय ने फल का वितरण किया। यूनिचार्म सोफी कम्पनी की ओर से सेनेटरी नैपकिन वितरण और ब्लड टेस्ट किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में डॉ. सीमा गुप्ता, समाजसेवी रीता सिंह, रीना सिंह, प्रधानाचार्य साइदा रिजवी, सत्या सिंह, आशीष पाण्डेय समेत कई लोग उपस्थित रहे।