लखनऊ। पीजीआई के प्लॉस्टिक सर्जरी विभाग में शुक्रवार को राइनोप्लास्टी पर कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला की शुरुआत प्लास्टिक सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एंड हेड डॉक्टर राजीव अग्रवाल ने विकृत नाक का ऑपरेशन कर सही आकार देकर किया। इस रोगी को कटे होंठ की शिकायत थी। डॉक्टर अग्रवाल ने ऑपरेशन कर नाक कमियों जैसे कि टेढ़ापन, आगे से झुकाव और सांस लेने में हो रही तकलीफ को दूर किया।
90 फीसदी मरीजों का इलाज आपरेशन द्वारा संभव
कार्यशाला में पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ. अंकुर भटनागर ने बताया कि नाक से जुड़ी दिक्कतों के करीब 90 फीसदी मरीजों का इलाज आपरेशन द्वारा संभव है। नाक के अंदर पाए जाने वाले ऊतक, जिसमें हड्डी, कार्टिलेज को सर्जरी कर सही आकार दिया जाता है। डॉ. भटनागर बताते हैं कि नाक की बनावट में किसी प्रकार की दिक्कत है तो बहुत परेशान होने की जरूरत नही है। कास्मेटिक सर्जरी द्वारा इलाज संभव है।
कई मरीजों के ऑपरेशन
कार्यशाला में डॉक्टरों ने टेढ़ी-मेढ़ी नाक व कटे ओंठ-तालू के कई मरीजों के ऑपरेशन किए। प्लॉस्टिक सर्जरी विभाग के अध्यक्ष डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि टेढ़ी-मेढ़ी नाक की हड्डी के मामले बढ़ते जा रहे हैं और यह परेशानी जन्मजात होती है। ऑपरेशन कर बीमारी से निजात दिलाई जा सकती है। नाक भी टेढ़ी हो जाती है। इससे चेहरा की सुन्दरता प्रभावित होती है। इस तरह के ऑपरेशन को राइनोप्लॉस्टी कहते हैं। इसमें नाक की हड्डी को ऑपरेशन कर काटकर सीधा किया जाता है। इसका नाक के बाहरी हिस्से में निशान नहीं पड़ता है। ऑपरेशन के बाद मरीज सामान्य लोगों की तरह से सांस लेता है।
जन्मजात विकृतियां होती है
पीजीआई के ईएनटी विभाग के डॉ. अमित केसरी बताते हैं नाक में कई तरह की जन्मजात विकृतियां होती है। जिसकी वजह से अक्सर मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होती है। इसके साथ ही नाक की बनावट में विकार होने की वजह से चेहरे की सुन्दरता प्रभावित होती है। ऐसे मरीजों का इलाज सर्जरी द्वारा ही संभव है।
इनका ऑपरेशन
वहीं पीजीआई के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने शुक्रवार को एक महिला का ऑपरेशन कर उसे सांस लेने में हा रही दिक्कत को दूर कर दिया। यह महिला बस्ती की रहने वाली है। इस महिला को पांच साल से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। कई बार ईलाज कराने के बाद भी परेशानी बढ़ती ही चली गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद पाया कि नाक की हड्डी टेढ़ी होने के साथ झुकी हुई है। इसकी वजह से युवती को सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। पीजीआई प्लॉस्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने शुक्रवार को ऑपरेशन कर आरती की नाक की हड्डी को दुरुस्त कर दिया। अब वह ठीक से सांस ले पा रही है।
ये मौजूद थे
कार्यशाला में केजीएमयू की डॉ. ज्योति चौपड़ा, डॉ. सुमित शर्मा, डॉ. रमेश चन्द्रा के अलावा इंदौर के ईएनटी सर्जन डॉ. बृजेन्द्र बासर, पुणे कास्मेटिक सर्जन डॉ. आशीष धावल भक्ता ने कार्यशाला में कई मरीजों की सर्जरी की। साथ ही नाक की सर्जरी के बारे में जूनियर डॉक्टरों को बारीकियां भी बतायी।