लखनऊ। ट्रामा सेंटर एक बार फिर से विवाद में आ गया है। इस बार एक 15 साल के बच्चे की मौत का मामला सामने आया है। यहां ट्रामा सेंटर में गुरुवार शाम करीब 6 बजे एक मरीज की मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद तीमारदारों ने डॉक्टरों को दौड़ाकर पीटा।
डॉक्टर ने खुद को किया कमरे में बंद
डॉक्टर ने खुद को एक कमरे में बंद करके जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। वहां पर मौजूद कर्मचारी और सुरक्षा गार्डों ने जब बीचबचाव किया तो तीमारदारों ने उनसे भी मारपीट की। इस मामले को लेकर केजीएमयू प्रशासन ने पुलिस को तहरीर दे दी है।
यह है मामला
आलमबाग बरहा के निवासी आकाश कश्यप (15) को पेट में दर्द व बेहोशी के बाद 2 जुलाई को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच कराने को कहा था, जांच में रिपोर्ट आने के बाद डॉक्टरों ने परिवार के लोगों को बताया कि मरीज की आंतें फट गई है। डॉक्टरों ने बताया कि सेप्टीसीमिया (जहरवाद) फैल गया है। बताया गया है कि उसी रात डॉक्टरों ने मरीज का ऑपरेशन किया। उसके बाद भी मरीज की तबीयत में सुधार नहीं हुआ। इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के वेंटिलेटर यूनिट में मरीज को भर्ती किया। गुरुवार शाम आकाश की मौत हो गई।
यह लगाया आरोप
परिवार के लोगों का आरोप है कि मरीज की तबीयत खराब होने के बावजूद डॉक्टरों ने सही बात छुपाए रखी। कई बार मरीज को उच्च संस्थान में रेफर कराने की गुजारिश की लेकिन डॉक्टरों ने अनसुना कर दिया। परिवार की सदस्य सविता देवी का आरोप है कि डॉक्टरों ने सही इलाज नहीं किया। शिकायत के बाद भी मरीज की तबीयत का सही हाल बताने के बजाए डॉक्टरों ने गोलमोल जवाब दिया। इलाज के डॉक्टरों ने दो लाख की मांगे थे। डॉक्टर ही नहीं कर्मचारियों ने भी पैसे मांगे।
करीब दो घंटे इलाज बाधित
मरीज की मौत के बाद तीमारदार व डॉक्टर-कर्मचारियों के बीच हुए मारपीट की घटना से इमरजेंसी मेडिसिन विभाग में अफरा-तफरी मच गई। इन सबके बीच करीब दो घंटे इलाज बाधित रहा। इसी बीच ट्रॉमा सेंटर प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। शव परिवार के लोगों को सुपुर्द किया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
यह है प्रशासन का कहना
मरीज के इलाज में लापरवाही नहीं हुई है। जिस दिन मरीज भर्ती हुआ, उसी दिन ऑपरेशन भी कर दिया गया। मरीज की आंत फटी थी। तीमारदारों को मरीज की हालात के बारे में पूरी जानकारी दे दी गई थी। तीमारदारों ने डॉक्टर व कर्मचारियों से बदसलूकी की है।