शोभा शर्मा संरक्षक और सुषमा टीपी सलाहकार नियुक्त
लखनऊ। मातृ शिशु कल्याण महिला कर्मचारी संघ की बैठक में संघ की संरक्षक के रूप में शोभा शर्मा और कुसुमा टीपी को सलाहकार नियुक्त किया गया है। शनिवार को बैठक की अध्यक्षता रामा यादव अध्यक्ष और संचालन किरन दुबे महामंत्री ने किया। इस बैठक में प्रदेश के नव नियुक्त मुख्य सचिव से 17 सूत्रीय मांगों के निस्तारण के लिए मिलने का समय मांगा गया है।
17 सूत्रीय मांग
बैठक में प्रभा फूल दुलारी सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद थी। बैठक में समय मिलने पर मुख्य सचिव के समक्ष मांग पत्र संदर्भ में महामंत्री किरन दुबे ने बताया कि 17 सूत्रीय मांगों में मुख्य रूप से नवम्बर 2011 के बाद विभाग में तैनात स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला पुरुष को 2000 ग्रेड पे के स्थान पर 2800 ग्रेड पे स्वीकृत कराये जाने, पर्यवेक्षक महिला का वेतनमान स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला से दो स्तर उच्चीकृत किया जाये क्योंकि 1979 में यही व्यवस्था थी।
सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष की जाये
स्वास्थ्य पर्यवेक्षक महिला के रिक्त पदों पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला के प्रमोशन नहीं किये जा रहे हैं। अत: तत्काल जनपदों में प्रमोशन की कार्यवाही पूर्ण कराने 2006 के बाद नियुक्त हुई महिला, पुरुष कर्मियों को भी पुरानी पेंशन का लाभ दिये जाने की मांग शामिल है। इसके अलावा समस्त महिला कर्मियों की सेवानिवृत्ति की आयु 60 वर्ष के स्थान पर 62 वर्ष की जाये। स्वास्थ्य कार्यकर्ता महिला को सेवा नियमावली 1997 संशोधन 1998 में 5000 की आबादी पर कार्य करने के स्पष्ट आदेशों के बावजूद भी 10000 की आबादी से ऊपर अपनी सेवायें देनी पड़ रही हैं। अत: 5000 की जनसंख्या पर उपकेन्द्र बनाकर महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता नियुक्त किया जाए।